किंग्सटन। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जमैका की तीन दिवसीय यात्रा मंगलवार 17 मई 2022 को पूरी हो गयी। यात्रा के अंतिम दिन के अपने अंतिम कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति भोज में सम्मिलित हुये। वहां उन्होंने भारतीय समुदाय और भारत-मित्रों से मुलाकात की। भोज जमैका में भारत के उच्चायुक्त मासाकुई रुंगसुंग ने दिया था।
उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुये राष्ट्रपति ने कहा कि भारतवासियों और जमैकावासियों के प्रगाढ़ सम्बंधों की जड़ हमारे सांस्कृतिक संपर्क में निहित है। यह हमारे बहुपक्षीय साझेदारी को समृद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिये यह गर्व का विषय है कि जमैका में अपने योगदान के लिये भारतीय समुदाय के लोगों को सर्वोच्च स्तर पर मान-सम्मान मिलता है। हमें जमैका में भारतीय समुदाय की उपलब्धियों पर गर्व है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के जरिये भारत अपनी स्वतंत्रता और अपने देशवासियों के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों के 75 होने का उत्सव मना रहा है। उन्होंने भारतीय समुदाय से आग्रह किया कि वे आगे बढ़कर इस उत्सव में भाग लें।
राष्ट्रपति ने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था, नई प्रौद्योगिकियों, जलवायु परिवर्तन सम्बंधी कार्रवाई और ज्ञान समाज की रूपरेखा तैयार करने के लिये हम नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का प्रयास कर रहे हैं। इस नये भारत में उसकी प्रगति और समृद्धि में हिस्सा लेने के लिये भारतीय समुदाय के सामने अपार अवसर मौजदू हैं।
उन्होंने कहा कि हम इस नये भारत के लिये भारतीय समुदाय का समर्थन चाहते हैं, जिससे लाखों घरों में प्रगति और समृद्धि का उजाला पहुंच सके; एक ऐसा भारत बन सके, जहां सबकी देखभाल होती है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने जमैका क्रिकेट एसोसियेशन को क्रिकेट किट प्रदान की, जिसे संघ के अध्यक्ष बिली हेवन ने प्राप्त किया।
Also Read : कृषि को जलवायु के प्रति लचीला, लाभदायक और टिकाऊ बनाएं : वेंकैया नायडु
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva