प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने प्रेम विवाह किया। शादी करके दुल्हन को घर ले आया। ससुराल में दुल्हन ने अपने पति के पेट में चीरा लगा देखा तो उसने पति से जानकारी ली। पति ने बता दिया कि उसकी एक किडनी आपरेशन करके निकाल दी गयी है। बस इसी के बाद दुल्हन मायके चली गयी। वापस आने के लिए उसने शर्त रख दी है कि यदि डाक्टर जांच करके पति के शरीर में दो किडनी होने की रिपोर्ट देंगे तभी वह ससुराल वापस आयेगी।
मामला जिले के पट्टी क्षेत्र का है। यहां पड़ोसी जनपद जौनपुर के थाना सिंगरामऊ अंतर्गत कैथोला गांव का एक युवक जेसीबी चलाने का कार्य करता है। वह पट्टी तहसील क्षेत्र के आसपुर देवसरा थाना अंतर्गत अकारीपुर गांव में जेसीबी का काम एक साल पहले शुरू किया तो यहां की रहने वाली एक युवती से उसकी आंखें चार हो गई। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो सात जन्मों के बंधन में बंध जाने का फैसला दोनों ने ले लिया। घरवालों की रजामंदी के बाद 8 जून 2022 को धूमधाम से दोनों वैवाहिक बंधन में बंध गए।
युवती अपनी ससुराल पहुंची तो पति के पेट में लगा हुआ चीरा देखकर पूछताछ किया। पहले तो पति ने जानकारी देने से आनाकानी किया लेकिन गहराई से पूछताछ किया तो पता चला कि उसके पति की एक किडनी नहीं है।
इस पर एक सप्ताह बाद दुल्हन अपने मायके अकारीपुर चली आई। उसने घरवालों को सारी बात बताई। इधर एक सप्ताह बाद ससुराली जन युवती को ससुराल ले जाने के लिए उसके मायके आए तो उसने वहां जाने के लिए साफ मना कर दिया।
दुल्हन ने पति के पेट में एक किडनी ना होने का दावा किया। उसने यह भी कहा कि अगर उसके पेट में दो किडनी निकल आए तो वह खुशी से ससुराल चली जाएगी। इस पर दोनों पक्षों में अकारीपुर गांव में पंचायत भी हुई लेकिन पंचायत में मामला नहीं सुलझ सका। अब ससुरालीजन विवाहिता को ससुराल ले जाने के लिए आसपुर देवसरा थाना में शिकायती पत्र देकर मामले में उचित कार्यवाही की मांग की है।
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva