प्रतापगढ़। राजकुमार पाल (Rajkumar pal) को अपना दल एस का उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले वह अपना दल एस के कार्यवाहर प्रदेश अध्यक्ष के रुप में काम कर रहे थे। राजकुमार पाल मूल रुप से प्रतापगढ़ शहर के शुकुलपुर के रहने वाले हैं। अपना दल एस का प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद वह पहली बार प्रतापगढ़ पहुंचे तो कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रतापगढ़ पहुंचकर उन्होंने रामानुज आश्रम में धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुज दास से आशीर्वाद लिया। धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडे अनिरुद्ध रामानुज दास और नारायणी रामानुजदासी ने उन्हें भगवान रामानुज का पट्टाभिषेक अंगवस्त्रम, श्रीफल, भगवान श्री जगन्नाथ जी का महाप्रसाद तथा रामानुज पंचांगम प्रदान कर पगड़ी पहनाते हुए मंगलमय जीवन की कामना के साथ ही मिशन में कामयाब होने का आशीर्वचन प्रदान किया।
राजकुमार पाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय मैंने इसी रामानुज आश्रम से आशीर्वचन लेकर शंखनाद किया था। जिसमें हमें भाजपा अपना दल गठबंधन से सदर विधानसभा से विधायक पद पर विजयश्री प्राप्त हुई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और आशीष पटेल के नेतृत्व में भाजपा अपना दल गठबंधन के सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी बनती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर में धारा 370 को समाप्त किया। गरीबों के लिए मुफ्त सिलेंडर, आयुष्मान कार्ड तथा किसानों के हित के लिए अनेकों कार्य किए। देश के अंदर सबका साथ सबका विकास का सपना पूरा करने के हम सभी कृत संकल्प हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाना गठबंधन की जिम्मेदारी है।
जिस जिम्मेदारी को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विश्वास पूर्वक एक छोटे से कार्यकर्ता को सौंपा है। हम सोनेलाल के सपने को साकार करने के लिए रात दिन संघर्ष करेंगे। समाज के हर जाति धर्म वर्ग के लोगों के लिए गरीबों के लिए न्याय दिलाने का सतत प्रयास करेंगे। प्रतापगढ़ को प्रदेश संगठन के मुखिया की जिम्मेदारी देकर हमारी अध्यक्ष ने सोनेलाल के सपने को साकार किया है क्योंकि प्रतापगढ़ उनकी कर्म भूमि रही है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संतोष दुबे पूर्व सभासद, इं आलोक द्विवेदी, नारायणी रामानुज दासी, डॉ अवंतिका पांडे, डॉ अंकिता पांडे, विश्वम प्रकाश पांडे, रमाशंकर सिंह, देश सेवक, चंद्र प्रकाश पाल, राम बहादुर सिंह पूर्व प्रधान सहित अनेक भक्त गण उपस्थित रहे।
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva