सीखने की ललक होना बहुत बड़ी बात है.. सीखने के लिए लगन, इच्छाशक्ति और धैर्य की जरूरत होती है। सीखने के लिए समय और साधन लगाना पड़ता है। फ्री में ज्ञान नहीं मिलता। ज्ञान का मूल्य चुकाना पड़ता है। जो मूल्य देने के लिए तैयार रहता है, वही सीखता है। समय देना ही सबसे बड़ा मूल्य है। जो पूरा समय देगा, वह पूरा ज्ञान अर्जित करेगा!
अधिकांश लोगों की धारणा या मान्यता होती है कि वह बहुत होशियार है, बहुत पढ़ा लिखा है अथवा वह बहुत दिनों से समाज सेवा कर रहा है और उसे सीखने की जरूरत नहीं है! जबकि जीवन के अनेक क्षेत्र ऐसे होते हैं, जिनके संबंध में वह कुछ भी नहीं जानता!
बहुत लोग किसी विभाग से संबंधित आवेदन पत्र लिखना नहीं जानते। किसी कार्यालय में आवेदन या ज्ञापन देना है, तो डर के मारे भीतर नहीं जाते। कुछ लोग अपना परिचय देने में हिचकिचाते हैं। कुछ लोगों को माइक दे दें, तो उनको पसीना आ जाता है। कुछ लोग मेहमान आने पर घर के अंदर छुप जाते हैं। कुछ लोग बोलना शुरू करते हैं, तो बंद ही नहीं करते, उनसे माईक छीनना पड़ता है। कुछ लोग विषय को समझते ही नहीं और ऊल जलूल बोलते रहते हैं। इस प्रकार हरेक व्यक्ति में कुछ न कुछ कमी अवश्य रहती है। इसलिए लीडरशिप की क्लास हर एक व्यक्ति को जरूर करना चाहिए। "जो लोग सामाजिक या सार्वजनिक क्षेत्र में काम कर रहे हैं, उनके लिए तो लीडरशिप एकदम अनिवार्य है!"
"लीडरशिप एक ऐसी कला या स्किल है, जिसे सभी को सीखने की जरूरत है, चाहे वह कितना ही बड़ा नेता या पदाधिकारी हो!"
समय समय पर माइंड को पावर और डायरेक्शन देने की जरूरत होती है। क्योंकि एक उम्र के बाद व्यक्ति का मन और मस्तिष्क कुंद हो जाता है। उसे प्रखर, तीक्ष्ण और क्रियाशील बनाए रखने के लिए समय समय पर प्रभावशाली शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम अवश्य किया जाना चाहिए!
नौकरीशुदा लोग जानते हैं कि सरकारी और निजी क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से होता रहता है!
सामाजिक जीवन में बिना सीखे कुछ नहीं होता। सीखना बहुत जरूरी है। जो सुनता, सीखता और समझता है। वह अग्रगामी होता है और समाज में सम्मानित होता है।
जिस समाज/ संगठन, संस्थान या ऑर्गनाइजेशन में सतत प्रशिक्षण कार्यक्रम चलता रहता है, वह समाज/ संगठन, संस्थान या ऑर्गनाइजेशन अधिक उत्पादन, अधिक अच्छी व्यवस्था अथवा अधिक अच्छी सेवा प्रदान करता है और सफ़लता के सोपान चढ़ता है!
पं. घनश्याम प्रसाद साहू
संपादक छत्तीसगढ़ संदेश
सम्पर्क: 07987278335
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva