कोलकाता. सेमीफाइनल मैच से पहले एक विवाद सामने आया है। इंग्लिश मीडिया ने बीसीसीआई पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पिच को अपने तरीके से बनवाया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईसीसी की बिना अनुपति के पिच अपने अनुकूल तैयार कराई गई है। पिच विवाद सामने आने के बाद दूसरे सेमीफाइनल में शामिल ऑस्ट्रेलिया की टीम के कप्तान पैट कमिंस की भी प्रतिक्रिया इस पर आई है।
कोलकाता के ईडन गार्डेंस में गुरुवार 16 नवंबर को होने वाले वर्ल्ड कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस से मुंबई की पिच के बदलने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा है कि ICC के पास अपना पिच क्यूरेटर है, जो इसे मैनेज करता है। उन्होंने ये भी कहा है कि पिच बदलने या फिर टैंपरिंग के चांस ही नहीं हैं। कमिंस ये भी बोले कि वर्ल्ड कप में उनको किसी पिच से कोई परेशानी नहीं है।
पैट कमिंस ने कहा, "जाहिर तौर पर आईसीसी के पास एक स्वतंत्र पिच क्यूरेटर है जो इसको मैनेज करता है। मुझे यकीन है कि वे यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि यह दोनों टीमों के लिए उचित हो। अब तक इस टूर्नामेंट में, जितने मैच हमने खेले हैं, मैंने कोई समस्या (पिच से जुड़ी) नहीं देखी है।" ऑस्ट्रेलिया की टीम 9 में से 7 मुकाबले जीतकर यहां पहुंची है और साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक और फाइनल के लिए लड़ाई लड़ने वाली है।
वर्ल्ड कप 2023 के अब तक 45 लीग मैच खेले जा चुके हैं और किसी ने भी पिच को लेकर शिकायत नहीं की थी। हालांकि, धर्मशाला के स्टेडियम में आउटफील्ड को लेकर थोड़ी परेशानी हुई थी, जो सभी के लिए समान थी। इसके अलावा स्टेडियम से जुड़ी कोई और समस्या सामने नहीं आई थी, लेकिन नॉकआउट मैच से पहले इंग्लिश मीडिया ने वर्ल्ड कप का मजा किरकिरा करने का काम किया है। हालांकि, फैंस को बीसीसीआई के रिऐक्शन का भी इंतजार है।
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva