इंटरनेशनल क्रिकेट में जहां कई खिलाड़ी 50 मैच नहीं खेल पाते वहीं भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे में 50 शतक लगाकर एक नया कीर्तिमान रचा है। कोहली ने यह कारनामा इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड वर्ल्ड कप 2023 सेमीफाइनल में अंजाम दिया। वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर वनडे में सर्वाधिक सेंचुरी जड़ने वाले प्लेयर बने हैं। सचिन ने अपने करियर में इस फॉर्मेट में 49 शतक जमाए। हालांकि, आप एक बात जानकर बेहद हैरान रह जाएंगे कि कोहली के 50 वनडे शतक की भविष्यवाणी 11 साल पहले ही हो गई थी।
दरअसल, कोहली के ऐतिहासिक शतक के बाद शिजू बालंदन की एक पोस्ट जमकर वायरल हो रही है। शिजू ने यह पोस्ट 2012 में फेसबुक पर लिखी थी। उन्होंने जुलाई 2012 में कोहली के 12वें वनडे शतक के बाद भविष्यवाणी की थी कि वह एक दिन 50 सेंचुरी तक जरूर पहुंचेंगे और सचिन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। शिजू ने कोहली के 33वें शतक तक अपनी पोस्ट को अपडेट किया मगर उसके बाद उनका निधन हो गया। यह जानकारी स्पोर्ट्स एनालिस्ट जॉय भट्टाचार्य ने दी। भट्टाचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''शिजू के निधन के बाद उनके दोस्त कोहली की सेंचुरी वाली पोस्ट को अपडेट करते रहे और आखिरकार 16 नवंबर को भविष्यवाणी सच साबित हो गई।''
कोहली ने सेमीफाइल में 113 गेंदों में 117 रन की पारी खेली। उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। कोहली ने इस शतक के बाद कहा, '''अच्छा, मैं महसूस कर रहा हूं... (थोड़ा विराम लेने के बाद), उस महान व्यक्ति (तेंदुलकर) ने मुझे बधाई दी। मेरे लिए यह सब एक सपने जैसा लगता है, यह असली है। यह सच होना बहुत शानदार है।'' उन्होंने कहा, ''मुझे कभी नहीं लगा कि मैं अपने करियर में इस मुकाम तक पहुंच पाऊंगा। यह सेमीफाइनल है, बस खुशी है कि सब कुछ एक साथ हुआ।'' गौरतलब है कि भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 70 रन से रौंदा। भारत की अब 19 नवंबर को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से टक्कर होगी। यह मैच अहमदाबाद के मैदान पर खेला जाएगा।
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva