रायपुर। ग्रीन आर्मी संस्था विगत 7 वर्षो से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था बारिश के पूर्व ही वृक्षारोपण हेतु स्थानों का चयन कर लेती है। उसके बाद पौधों की देखरेख हेतु पहले बाउंड्री वॉल, ट्री गार्ड, पानी की व्यवस्था, गड्डे की खुदाई, खाद आदि की व्यवस्था करती है। जिसके पश्चात बकायदा फार्म भरकर जिम्मेदारी सौपी जाती है। तत्पश्चात वृक्षारोपण का कार्य किया जाता है।
इसी कड़ी में संस्था द्वारा इस वर्ष भी रायपुर शहर के साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में वृक्षारोपण कर चुकी है। जिसमे मुख्य रूप से रायपुर शहर के सभी क्षेत्रों के साथ दिनेश फार्म हाउस परसदा, दिव्यांग पब्लिक स्कूल न्यू राजेंद्र नगर, बोईर तालाब देवपुरी, बाल आश्रम माना, गुरुद्वारा देवपुरी, पार्क रेजीडेंसी तेलीबांधा, प्राथमिक शाला मठपुरैना, फूंडहर, रहेजा ग्रुप, अम्लेश्वर, भाठापारा आदि में वृक्षारोपण किया जा चुका है।
संस्था द्वारा इस वर्ष 51000 हजार पौधो का वृक्षारोपण करने का लक्ष्य रखा गया है जिसमे अब तक लगभग 10000 पौधों का रोपण किया जा चुका है।
संस्था इसके अलावा शासन प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर भी वृक्षारोपण कर रही है। संस्था के सभी सक्रिय सदस्य वृक्षारोपण हेतु लोगों को लगातार प्रेरित कर रहे हैं।
वर्तमान समय में रायपुर शहर के सभी क्षेत्र में ग्रीन आर्मी के वालेंटियर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का प्रयास कर रहे हैं। संस्था के समर्पित सदस्यों का कहना है कि बारिश के अंत तक हम अपने लक्ष्य अर्थात 51 हजार पौधे को रोपित कर लेंगे। वहीं संस्था के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमिताभ दुबे जी प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई शाखा खोलने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
दुबे जी का कहना है, "पर्यावरण प्रेमी, संस्था से जुड़ने हेतु लगातार संपर्क कर रहे हैं, जिनसे मिलने के उपरान्त संस्था के नियमों एवं गतिविधियों को बताया जाता है। तत्पश्चात पौधारोपण की सहमति बनती है। हमारा उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण के साथ उन्हें जीवित रखना है। जिसके लिए हमारे विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जाता है। पर्यावरण संरक्षण हेतु हमारे वालेंटियर निरंतर प्रयासरत है!"
संस्था के रायपुर के अध्यक्ष श्री गुरदीप टुटेजा जी रायपुर शहर को हरा भरा करने निरंतर अपने वालेंटियर के साथ जमीनी स्तर कार्य करने मैदान पर उतर चुके हैं। वे अनेक स्थानों पर जाकर वृक्षारोपण के साथ पौधों की देखभाल हेतु जिम्मेदारी सौंप रहे हैं।
संस्था के वालेंटियर रायपुर के साथ प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अपना कार्य बखूबी कर रहे हैं, जिसके लिए प्रदेश अध्यक्ष श्री अमिताभ दुबे ने खुशी जाहिर की और सबका आभार व्यक्त किया है।
Ghanshyam Prasad Sahu
+91-79872 78335
chhattisgarhsandeshnews@gmail.com
© Chhattisgarh Sandesh. All Rights Reserved. Developed by TechnoDeva